फतेहाबाद। शहर के बीघड़ रोड स्थित नए थाने के पास एक दुर्लभ सांभर प्रजाति का हिरण मिला। स्थानीय लोगों ने वन विभाग को इसकी तुरंत सूचना दी। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर हिरण का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
वन विभाग के इंस्पेक्टर जयविन्द्र नेहरा ने बताया कि रेस्क्यू किया गया हिरण लगभग 3 वर्षीय नर सांभर है। उन्होंने बताया कि सांभर प्रजाति आमतौर पर हरियाणा के फरीदाबाद, अंबाला और पंचकूला जैसे पहाड़ी व घने वन क्षेत्रों में पाई जाती है। फतेहाबाद के मैदानी और भौगोलिक परिवेश में इस प्रजाति का मिलना बेहद असाधारण और हैरान करने वाला है।
इंस्पेक्टर नेहरा के मुताबिक, पकड़ा गया सांभर पूरी तरह स्वस्थ और सुरक्षित है। प्राथमिक स्वास्थ्य जांच के बाद उसे उचित देखभाल और आगे के परीक्षण के लिए हिसार भेज दिया गया है।
वहीं विभाग जल्द ही आसपास के इलाकों में एक विशेष सर्च अभियान शुरू करने जा रहा है। इसके पीछे दो मुख्य उद्देश्य हैं। पहला यह पता लगाना कि क्या यह हिरण अकेला भटक कर आया था या इसके साथ पूरा झुंड या अन्य वन्य जीव भी क्षेत्र में मौजूद हैं। दूसरा, आखिर यह दुर्लभ जीव फतेहाबाद की सीमा तक कैसे और किस रास्ते से पहुंचा।
वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि पर्यावरण और वन्यजीवों की सुरक्षा हम सबकी जिम्मेदारी है। यदि भविष्य में भी किसी को अपने आसपास कोई अनजान या दुर्लभ वन्यजीव दिखाई दे, तो उसे नुकसान न पहुंचाएं, तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दें।
फतेहाबाद में मिला दुर्लभ सांभर हिरण





