लक्ष्मी तरु फाउंडेशन की तिरंगा बाइक रैली, रविंदर सिंह इंद्राज बोले, शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि सेवा और रक्तदान

लक्ष्मी तरु फाउंडेशन की तिरंगा बाइक रैली, रविंदर सिंह इंद्राज बोले, शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि सेवा और रक्तदान
नई दिल्ली। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर लक्ष्मी तरु फाउंडेशन की ओर से रविवार को रोहिणी स्थित जापानी पार्क से तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करना तथा 2 अगस्त को आयोजित होने वाले मेगा रक्तदान अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करना था।

रैली में बड़ी संख्या में युवाओं, बाइक राइडर्स, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और स्वैच्छिक रक्तदान का संदेश दिया। इस दौरान लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर अभियान से जुड़ने की अपील की गई।

कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री रविंदर सिंह इंद्राज, सांसद योगेंद्र चंदोलिया, आयरन लेडी दिव्या संधू तथा प्रीत सिंह सिरोही विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

कैबिनेट मंत्री रविंदर सिंह इंद्राज ने कहा कि कारगिल के वीरों ने देश की आन, बान और शान की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि यदि शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि देनी है तो सेवा, राष्ट्रहित और स्वैच्छिक रक्तदान जैसे जनकल्याणकारी कार्यों से जुड़ना होगा। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे बढ़कर मानव सेवा का दूसरा कोई माध्यम नहीं हो सकता। उन्होंने सभी नागरिकों से 2 अगस्त को आयोजित मेगा रक्तदान अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

सांसद योगेंद्र चंदोलिया सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल शौर्य और पराक्रम का प्रतीक नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने युवाओं से स्वैच्छिक रक्तदान अभियान का हिस्सा बनकर राष्ट्रसेवा में योगदान देने की अपील की।

लक्ष्मी तरु फाउंडेशन ने सभी नागरिकों से 2 अगस्त को आयोजित मेगा रक्तदान अभियान में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान करते हुए इसे जन-आंदोलन बनाने का संकल्प दोहराया।

Subscribe Now