Rashtriya Sagar

सभी 14 सीटों पर महागठबंधन की होगी जीत : चंपाई सोरेन


सभी 14 सीटों पर महागठबंधन की होगी जीत : चंपाई सोरेन


साहिबगंज,। राजमहल लोकसभा सीट से झामुमो प्रत्याशी विजय हांसदा ने शुक्रवार को साहिबगंज में नामांकन किया। नामांकन के बाद मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन और पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने लोगों से झामुमो प्रत्याशी को जिताने की अपील की।

इसके बाद आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि झारखंड राज्य में महागठबंधन की सरकार ने आदिवासी पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक समाज के लिए कई योजनाएं संचालित की हैं, जिसके माध्यम से राज्य की जनता काफी लाभान्वित हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि झारखंड की जनता महागठबंधन के प्रति अपना विश्वास दिखाते हुए झारखंड की सभी 14 सीट पर महागठबंधन के प्रत्याशी को विजयी बनाएगी।

कल्पना सोरेन ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में पूरे झारखंड की जनता महागठबंधन के पक्ष में मतदान कर महागठबंधन प्रत्याशियों को जीत दिलाएगी। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जल्द ही जेल से बाहर आएंगे और हम सभी के बीच होंगे। उन्होंने झारखंड सरकार की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि राज्य सरकार जनहित में कई योजनाएं संचालित कर रही है, जिससे की आम लोगों को लाभ पहुंच रहा है।

राजमहल लोकसभा से झामुमो प्रत्याशी विजय हांसदा ने कहा कि नामांकन सभा का मंच जरूर टूटा है लेकिन हम महागठबंधन के कार्यकर्ताओं का हौसला बुलंद है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव का समय आते ही भाजपा लोगों को धर्म और जाति में बांटने का काम करती है, लेकिन अब जनता भाजपा का यह कारनामा अच्छी तरह से समझ चुकी है।

Subscribe Now