रांची : रिश्वत लेने के आरोपित और सिमडेगा होमगार्ड ऑफिस के मुंशी राजू कुमार साहू ने एसीबी न्यायालय से जमानत की गुहार लगाई है। उसकी जमानत याचिका पर अदालत कल यानी पांच जून को सुनवाई करेगी।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने 21 मई को राजू कुमार साहू को सात हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा था। आरोप है कि राजू ने होमगार्ड में ड्यूटी लगाने के लिए श्रवण कुमार नामक व्यक्ति से 7000 रुपये रिश्वत की मांग की थी, जिसकी शिकायत श्रवण कुमार ने ब्यूरो में की थी।
शिकायत मिलने के बाद टीम ने मामले का सत्यापन किया, जिसमें घूस मांगे जाने की बात सही पाई गई। इसके बाद टीम ने जाल बिछाया और राजू कुमार साहू को रिश्वत की राशि के साथ गिरफ्तार कर लिया। राजू कुमार साहू के पास से 21000 रुपये बरामद किए थे। मामले को लेकर एसीबी थाना में कांड (संख्या 11/ 2026) दर्ज है।





