BREAKING NEWS

सऊदी-फ्रांस रिश्तों को नई मजबूती, निवेश और बड़े प्रोजेक्ट्स पर सहमति

सऊदी-फ्रांस रिश्तों को नई मजबूती, निवेश और बड़े प्रोजेक्ट्स पर सहमति

नई द‍िल्‍ली। सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान आध‍िकार‍िक दौरे पर फ्रांस पहुंचे। इसके दौरान उन्‍होंने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की। यह मुलाकात दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी के लिहाज से अहम मानी जा रही है।

इस मौके पर राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि दोनों देश क्षेत्रीय चुनौतियों के बीच शांति और स्थिरता के लिए सहयोग जारी रखेंगे तथा निवेश, तकनीक और बड़े प्रोजेक्ट्स के जरिए रिश्तों को और मजबूत करेंगे। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ''सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की फ्रांस यात्रा एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।

 क्षेत्र के सामने मौजूद चुनौतियों के बीच, फ्रांस और सऊदी अरब ने हमेशा शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम किया है, और आगे भी इस दिशा में आपसी बातचीत और सहयोग जारी रखेंगे।'' राष्ट्रपति ने कहा क‍ि हमारी साझेदारी सिर्फ बातों तक सीमित नहीं है, बल्कि ठोस कामों पर भी आधारित है।

 इसमें बड़े प्रोजेक्ट, अत्याधुनिक तकनीकें, निवेश और पेरिस में आयोजित ईडब्‍ल्‍यूसी जैसे अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम शामिल हैं। हमने पहले ही साथ मिलकर बहुत कुछ हासिल किया है और भविष्य में हम इससे भी आगे जा सकते हैं।

 फ्रांस लगातार अपने सहयोगी देशों के साथ संबंध मजबूत करने पर काम कर रहा है। इससे पहले फ्रांस ने यूक्रेन के साथ भी सहयोग को मजबूत क‍िया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के साथ उन्‍होंने फोन पर बात की। 

यूक्रेन को उपकरण और मिसाइलें भेजने की प्रक्रिया तेज करने और संबंधित मिसाइलों के उत्पादन के लिए लाइसेंस देने पर सहमत‍ि जताई। जेलेंस्की ने शनिवार को सोशल मीडिया 'एक्‍स' पोस्ट में कहा कि उन्होंने मैक्रों को यूक्रेनी इलाके पर हालिया हमलों के बारे में जानकारी दी और इस बात पर जोर दिया कि एयर डिफेंस सिस्टम यूक्रेन की सबसे जरूरी जरूरत है।

Subscribe Now