जमीन पर अवैध कब्जे से परेशान युवती 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ी, पुलिस के आश्वासन पर उतरी

जमीन पर अवैध कब्जे से परेशान युवती 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ी, पुलिस के आश्वासन पर उतरी
फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में गुरुवार को 120 फीट मोबाइल टावर पर चढ़कर युवती ने रोते हुए गांव के दो लोगों पर जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया। युवती ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने मामले की जानकारी युवती के परिजनों व पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को समझाने की कोशिश की। न्याय न मिलने तक नीचे उतरने के लिए वह तैयार नहीं हो रही थी लेकिन पुलिस की काफी मशक्कत व आश्वासन के बाद युवती नीचे उतरी और पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।

औंग थाना क्षेत्र के मिराईं गांव की रहनेवाली ननकी कुशवाहा उर्फ नीतू पुत्री स्व. हीरालाल कुशवाहा गुरुवार की सुबह एक 120 फीट मोबाइल टावर पर चढ़ गई। ननकी का आरोप है कि उसकी 2 बीघा जमीन में से 14 बीस्वा पर गांव के 2 लोगों ने कब्जा कर लिया है। दोनों लोग ने उस जमीन पर जबरन खेती करनी शुरू दिया है। आरोपिताें ने उसके परिवार पर फर्जी मुकदमा भी दर्ज कराया है। जिससे वह और उसका परिवार लगातार प्रताड़ित हो रहा है।

इस प्रताड़ना से परेशान होकर ननकी टावर पर चढ़ गई। वहां से उसने रोते हुए एक वीडियो भी बनाया। वीडियो में उसने 2 लोगों पर कार्रवाई करने और उसकी अवैध कब्जे की जमीन वापस दिलाने की मांग की है। उसका कहना है जब तक उसकी जमीन कब्जा मुक्त नहीं होगी और फर्जी मुकदमें वापस नहीं लिए जाएंगे, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगी।

युवती का आरोप लगाया कि फर्जी मुकदमों के कारण उसके पिता की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। उसने दावा किया कि कानपुर में भी उसके खिलाफ एक और फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया है। युवती ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि वह इन मुकदमों को लड़ने में असमर्थ है और आरोपी पैसे के बल पर मामलों को दबवा देते हैं, जिससे हमें न्याय नहीं मिल पा रहा है।

घटना की जानकारी पर औंग थानाध्यक्ष दिनेश शुक्ला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे ओर युवती को नीचे उतारने के लिए कोशिश शुरू की। किसी तरह युवती को नीचे उतारने में पुलिस ने सफलता हासिल की। दिनेश शुक्ला ने बताया कि युवती को न्याय दिलाने व आवश्यक कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाकर नीचे उतरने के लिए किसी तरह राजी कर नीचे उतार लिया गया है।

Subscribe Now