BREAKING NEWS

नोएडा : दो शातिर चोर गिरफ्तार, लैपटॉप, मोबाइल और नकदी बरामद

नोएडा : दो शातिर चोर गिरफ्तार, लैपटॉप, मोबाइल और नकदी बरामद
नोएडा। नोएडा के थाना सेक्टर-142 पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो लैपटॉप, दो मोबाइल फोन तथा चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त 2,500 रुपए नकद बरामद किए हैं। यह कार्रवाई स्थानीय खुफिया सूचना और गोपनीय जानकारी के आधार पर की गई।

पुलिस के अनुसार, 31 मई को थाना सेक्टर-142 पुलिस टीम ने एफएनजी सर्विस मार्ग पर मेट्रो लाइन के पास से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुष्पेंद्र साहू उर्फ अतुल कुमार और अभय उर्फ अक्की के रूप में हुई है। दोनों लंबे समय से क्षेत्र में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

 पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, 27 मई 2026 को दोनों ने ग्राम शाहदरा स्थित एक मकान से मोबाइल फोन चोरी किया था। इसके अलावा 12 मई 2026 को केशव आईटी पार्क के सामने खड़ी एक कार का शीशा तोड़कर उसमें रखा लैपटॉप और मोबाइल फोन चुरा लिया था। 

वहीं 21 अप्रैल को शांति निकेतन अपार्टमेंट के पास खड़ी एक कार का शीशा तोड़कर उसमें रखा लैपटॉप चोरी कर लिया गया था। इन सभी मामलों में थाना सेक्टर-142 में मुकदमे दर्ज किए गए थे और पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में स्थित मकानों की पहले रेकी करते थे। इसके बाद खुली खिड़कियों वाले घरों को निशाना बनाते थे। साथ ही सुनसान स्थानों पर खड़ी कारों के शीशे तोड़कर उनमें रखे लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते थे। चोरी किए गए सामान को बाद में सस्ते दामों में बेचकर प्राप्त रकम आपस में बांट लेते थे।

 गिरफ्तार अभियुक्तों में पुष्पेंद्र साहू उर्फ अतुल कुमार मूल रूप से मध्यप्रदेश के दमोह जिले का निवासी है, जबकि अभय उर्फ अक्की बुलंदशहर का रहने वाला है। दोनों वर्तमान में ग्राम शाहदरा, सेक्टर-142 क्षेत्र में रह रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमों में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Subscribe Now