बिहार विधान परिषद की 10 सीटों पर 18 जून को चुनाव, नीतीश कुमार की सीट पर भी होगा उपचुनाव

बिहार विधान परिषद की 10 सीटों पर 18 जून को चुनाव, नीतीश कुमार की सीट पर भी होगा उपचुनाव

पटना: बिहार विधान परिषद की विधानसभा कोटे की 10 रिक्त सीटों के लिए 18 जून को चुनाव कराया जाएगा। इनमें 9 सीटों पर छह वर्ष के पूर्ण कार्यकाल के लिए चुनाव होगा, जबकि एक सीट पर शेष चार वर्ष के कार्यकाल के लिए उपचुनाव कराया जाएगा। चुनाव आयोग की अधिसूचना के अनुसार नामांकन प्रक्रिया 1 जून से शुरू हो चुकी है।

विधान परिषद की ये सभी सीटें विधानसभा कोटे की हैं, जिन पर निर्वाचित विधायक मतदान कर सदस्यों का चयन करेंगे। राजनीतिक दलों ने उम्मीदवारों के चयन को लेकर मंथन तेज कर दिया है और आने वाले दिनों में नामांकन की प्रक्रिया में तेजी देखने को मिलेगी।

सबसे अधिक चर्चा पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान राज्यसभा सांसद Nitish Kumar की खाली हुई सीट को लेकर है। इस सीट पर चार वर्ष का कार्यकाल शेष है, इसलिए यहां उपचुनाव कराया जाएगा। माना जा रहा है कि इस सीट पर सत्तारूढ़ जदयू अपना उम्मीदवार उतारेगी।

राजनीतिक गलियारों में अटकलें हैं कि इस सीट पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के नाम पर भी चर्चा हो सकती है। हालांकि, चूंकि इस सीट का कार्यकाल केवल चार वर्ष का बचा है, इसलिए यह भी संभव है कि पार्टी किसी अन्य नेता को मौका दे। वहीं कुछ राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि भविष्य में निशांत कुमार विधानसभा चुनाव लड़ने की रणनीति बनाते हैं, तो उन्हें फिलहाल विधान परिषद भेजा जा सकता है।

दूसरी ओर, शेष 9 सीटों पर छह साल के पूर्ण कार्यकाल के लिए चुनाव होने जा रहे हैं। ऐसे में इन सीटों को लेकर विभिन्न दलों के बीच राजनीतिक समीकरण और उम्मीदवारों की दावेदारी भी अहम रहने वाली है।

नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और अब सभी की निगाहें प्रमुख दलों द्वारा घोषित किए जाने वाले उम्मीदवारों पर टिकी हैं। 18 जून को होने वाले मतदान के बाद विधान परिषद की नई तस्वीर सामने आएगी।

Subscribe Now