आजमगढ़ : उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में आजमगढ़-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार की देर रात को सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। एक युवक गंभीर रुप से घायल है। पुलिस ने घटना की जानकारी परिवार काे देते हुए शवाें काे पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लालगंज सीओ भूपेश पाण्डेय ने शनिवार काे बताय कि देवगांव थाना पुलिस ने मृतकों की पहचान हाफिज अब्दुल रज्जाक, मोहम्मद कैश, सोहराब साइन और अंशबाज खान के रूप में हुई है। घायल युवक का नाम अजमल है। ये सभी झारखंड राज्य पलामू जिले के अंतर्गत मेदिनीनगर (डाल्टनगंज) क्षेत्र के मोहनिया गांव के रहने वाले थे।
कार में सवार यह सभी लोग अंबेडकर नगर स्थित प्रसिद्ध किछौछा दरगाह में दर्शन और जियारत करने आए थे। वापस अपने घर झारखंड लौट रहे थे। आजमगढ़ जनपद के देवगांव कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत आने वाले कस्बा बाजार के पास बरडीहा मोड़ पर शुक्रवार की देर रात को आजमगढ़-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर एक अनियंत्रित अर्टिगा कार सड़क के किनारे खड़े एक ट्रेलर में पीछे से बेहद तेज रफ्तार में जा घुसी।
घटना की जानकारी मिलते ही देवगांव पुलिस और स्थानीय राहगीर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। कार के भीतर फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी से तत्काल सभी पांच घायलों को इलाज के लिए संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज पहुंचाया गया। अस्पताल लाते ही चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। अजमल की हालत गंभीर होने पर इलाज के लिए हायर सेंटर (वाराणसी) रेफर किया गया है।





