*पुलिस महकमे में शोक की लहर
बेगूसराय: जिले से इस वक्त एक बेहद दुखद और बड़ी खबर सामने आ रही है.साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा स्थित एनएच-31 पर हुए भीषण सड़क हादसे में तीन थाना प्रभारी और एक चालक की मौत हो गई.हादसे के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है.प्राप्त जानकारी के अनुसार,मधेपुरा जिले में पदस्थापित तीनों थाना प्रभारी पटना में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होकर एक ही कार से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान बखड्डा के समीप तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराई.टक्कर इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. हादसे में बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार,आरर थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र तथा चालक ज्योतिष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई.वहीं रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए.स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल बेगूसराय पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया.इधर घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार और सदर डीएसपी आनंद पांडेय समेत कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी.इस दर्दनाक हादसे में एक साथ तीन पुलिस अधिकारियों और एक चालक की मौत से पुलिस विभाग में शोक और संवेदना का माहौल है.प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होकर ट्रक से टकराना बताया जा रहा है.पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.