BREAKING NEWS

JPSC-JSSC अभ्यर्थी vs सरकार: दूसरे दौर की बातचीत आज

JPSC-JSSC अभ्यर्थी vs सरकार: दूसरे दौर की बातचीत आज

रांची। जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच के छात्रों और सरकार के बीच वार्ता का दूसरा दौर शनिवार सुबह 10:30 बजे स्टेट गेस्ट हाउस रांची में होना है। मंच के 8 सदस्यीय छात्र प्रतिनिधिमंडल सरकार द्वारा गठित प्रतिनिधिमंडल से आमने-सामने बात करेंगे।

मंच के छात्र 2 जुलाई को जेपीएससी द्वारा 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में हुई गड़बड़ी को उजागर करने के बाद 5 जुलाई से लगातार संघर्ष कर रहे हैं। इनका अनिश्चितकालीन सत्याग्रह आज 15वें दिन में प्रवेश कर गया है। छात्रों के समर्थन में छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो पिछले छह दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। 

 सरकार को सौंपे गए मेमोरेंडम के लिए मंच ने 8 छात्रों का प्रतिनिधिमंडल तय किया है। इसमें चंदन कुमार, दीनबंधु मंडल, रविशंकर, प्रेम कुमार, पूजा कुमारी, रामवतार महतो, बिमल कुमार और अमित कुमार शर्मा के नाम शामिल हैं। इससे पहले शुक्रवार शाम को सरकार और छात्रों के बीच पहली औपचारिक वार्ता मोरहाबादी स्थित राजकीय अतिथिशाला में हुई थी।

 बैठक करीब डेढ़ घंटे चली और रात 9.25 बजे खत्म हुई। छात्र प्रतिनिधियों ने बातचीत को सकारात्मक बताया था, लेकिन यह अंतिम समझौते पर नहीं पहुंच पाई थी। छात्रों ने स्पष्ट कर दिया था कि अंतिम रूप से समझौता होने और अपनी मांगें पूरी होने तक सत्याग्रह जारी रहेगा। वार्ता में सरकार की पांच सदस्यीय टीम और छात्रों का 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शामिल हुआ था। छात्रों ने अपनी मांगों का एक-एक बिंदु सरकार के सामने रखा।

 उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग दोहराई। छात्रों ने कहा कि वे ठोस कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं। सरकार की ओर से चार मंत्री वार्ता में शामिल हुए थे, जिनमें चमरा लिंडा, सुदिव्य कुमार सोनू, दीपिका पांडेय सिंह और संजय प्रसाद यादव। विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह भी बैठक में मौजूद थे।

Subscribe Now