BREAKING NEWS

मौसम के बदले मिजाज से राजस्थान में राहत, कई इलाकों में हल्की बारिश

मौसम के बदले मिजाज से राजस्थान में राहत, कई इलाकों में हल्की बारिश

जयपुर। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मंगलवार को कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदला बदला रहा। बीकानेर और आसपास के क्षेत्रों में दोपहर बाद अचानक बादल छाए और तेज आंधी चली। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बौछारें भी हुईं। हालांकि, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा और दिन में धूप निकलने से तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हुई।

पश्चिमी और दक्षिणी राजस्थान के कई शहरों में दिन का तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। बाड़मेर और जैसलमेर मंगलवार को प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे, जहां अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया। उदयपुर, बाड़मेर, सीकर, अजमेर और भीलवाड़ा में आसमान साफ रहने के साथ तेज धूप रही, जिससे तापमान में वृद्धि हुई।

वहीं, पिछले दिनों हुई बारिश का असर सुबह और रात के मौसम में अब भी दिखाई दे रहा है। जयपुर, सीकर, चूरू सहित शेखावाटी क्षेत्र के कई जिलों में रात के समय हल्की ठंडक महसूस की जा रही है। इन क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।

मंगलवार को उदयपुर में रात का तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

मौसम विभाग के अनुसार अब प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कमजोर होने के बाद मौसम धीरे-धीरे साफ होने की संभावना है। अक्टूबर के पहले सप्ताह में अधिकांश क्षेत्रों में आसमान साफ रहने, धूप निकलने और दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने का अनुमान है। पश्चिमी राजस्थान में प्रतिचक्रवाती परिसंचरण बनने से तापमान में एक बार फिर वृद्धि हो सकती है, जिससे दिन के समय गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है।

Subscribe Now