जम्मू-कश्मीर पर गिरिराज का बड़ा बयान

जम्मू-कश्मीर पर गिरिराज का बड़ा बयान

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि केंद्र सरकार सही समय आने पर जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करेगी।

नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) ने जम्मू-कश्मीर स्टेटहुड की मांग करते हुए दिल्ली में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। इसके लिए एनसी ने 'इंडिया' ब्लॉक के अन्य दलों से समर्थन मांगा है। समाचार एजेंसी आईएएनएस से ​​बात करते हुए गिरिराज सिंह ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला की आलोचना की। 

गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि उन्होंने और उनके परिवार ने हमेशा पाकिस्तान के पक्ष में बात की है और अलगाववादियों को मुख्यधारा की राजनीति में लाने की वकालत की है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, "जब कश्मीर में हिंदुओं की हत्या हो रही थी, तब वे सत्ता का आनंद ले रहे थे।

 वे चाहते हैं कि अलगाववादियों और आतंकवादियों को मुख्यधारा की राजनीति में लाया जाए। सरकार सही समय पर राज्य का दर्जा देगी।" इसी बीच, गिरिराज सिंह ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की 'जो सनातन है, वही समाजवाद है' टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी।

 उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "अखिलेश यादव को एक कदम आगे बढ़कर यह कहना चाहिए था कि समाजवाद ही सनातन है।" केंद्रीय मंत्री ने कहा, "गांव की कहावत है कि 'नया मियां ढेर प्याज खाता है'।

 अखिलेश यादव बयान को पूरा अगर कर देते कि समाजवाद ही सनातन है। उससे भी बढ़िया कहते कि जो राम भक्तों को गोलियों से भून दें, वो सबसे बड़ा सनातनी है, जैसे मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव की पार्टी। उनसे भी बड़ा सनातनी कांग्रेस है, जो राम के अस्तित्व को ही भूल गए। 

फिर कांग्रेस से भी बड़ा सनातनी 'टुकड़े-टुकड़े' गैंग है।" उन्होंने कहा कि सनातन के बिना भारत की पहचान अधूरी है। ये लोग मस्जिदों में जाकर टोपी पहनते हैं। इस दौरान, गिरिराज सिंह ने रामगोपाल यादव और मुलायम सिंह यादव के बयानों का जिक्र किया।

 उन्होंने कहा, "रामगोपाल यादव ने बोला था कि 'जो गुंबद पर चढ़ गए उन्हें जिंदा नीचे नहीं उतरने दिया।' वहीं, मुलायम सिंह ने कहा था कि 'एक लाश क्या, सैकड़ों लाश बिछाने पड़ेंगी तो बिछा दूंगा और रामभक्तों को मारूंगा, लेकिन मस्जिद का गुंबद ढहने नहीं दूंगा।'"

Subscribe Now