हांगझोउ। भारतीय निशानेबाजों का चीन के हांगझोउ में चल रहे आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन का सिलसिला जारी है। निशानेबाज ईशा सिंह ने सोमवार को विमेंस 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता और देश का नाम रोशन किया। वहीं, ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने कांस्य पदक जीता।
चीन में चीन की ही विरोधी को हराकर स्वर्ण पदक जीतना निश्चित रूप से ईशा के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली मनु भाकर ने भी अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा और मैच के दौरान बेहतरीन खेल का प्रदर्शन दिखाते हुए कांस्य पदक जीता।
मनु का कांस्य पदक के मुकाबले में उत्तर कोरिया की ह्योन ग्योंग पाक से मुकाबला हुआ। दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन डबल शूटऑफ में मनु भाकर ने बाजी मारते हुए कांस्य पदक अपने नाम कर लिया।
ईशा सिंह के स्वर्ण और मनु भाकर के कांस्य पदक के साथ आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में भारत के पदकों की कुल संख्या तीन हो गई है।
इससे पहले, महिला निशानेबाज संयम ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीता था। यह इस इवेंट में भारत का पहला पदक था।
आईएसएसएफ वर्ल्ड कप की पदक तालिका में चीन पहले स्थान पर है। चीन अब तक 14 पदक जीत चुका है जिसमें छह स्वर्ण पदक शामिल हैं। भारतीय टीम 3 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर है। भारतीय निशानेबाजों के प्रदर्शन को देखते हुए आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश को और पदक मिलने की उम्मीद है।





