सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां पलभर में छीन लीं। महज 18 दिन पहले दो सगी बहनों से विवाह बंधन में बंधे दो सगे भाइयों की बस की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव और परिवार में मातम पसर गया, वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, चकदही निवासी विवेक यादव (25) और उनके छोटे भाई विनय यादव (24) शनिवार सुबह बाइक से सतना आ रहे थे। सुबह करीब 10 बजे सतना-मैहर बाईपास स्थित उतैली मोड़ के पास मैहर की ओर जा रही अभय ट्रेवल्स की बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि विवेक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विनय ने रीवा ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
12 मई को हुई थी शादी, एक साथ निकली थी बारात
विवेक और विनय की शादी 12 मई को उचेहरा क्षेत्र की दो सगी बहनों से हुई थी। दोनों भाइयों की बारात एक ही घर से निकली थी और परिवार में खुशियों का माहौल था। लेकिन शादी के महज 18 दिन बाद हुए इस हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के घर और ससुराल पक्ष में कोहराम मच गया। जिला अस्पताल की मर्चुरी के बाहर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
शव रखकर किया चक्काजाम, बसों पर पथराव
पोस्टमार्टम के बाद परिजन और ग्रामीण दोनों युवकों के शव लेकर सतना बस स्टैंड पहुंचे और सड़क पर शव रखकर सतना-रीवा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। प्रदर्शन के दौरान भीड़ में शामिल कुछ लाेगाें ने बसों पर पथराव कर दिया और तोड़फोड़ की। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रित किया। पथराव करने वाले कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया।
अधिकारियों की समझाइश के बाद शांत हुआ मामला
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया, सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह सहित शहर के तीनों थाना प्रभारियों और भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें समझाया। काफी देर तक चली वार्ता के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात बहाल किया गया।
चालक फरार, बस जब्त
हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सतना : शादी के 18 दिन बाद बस की टक्कर से दाे सगे भाइयों की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
May 30 2026 3:39PM
3 मिनट का रीड
129963
5





