श्योपुर। मध्य प्रदेश के दतिया पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के निर्देश पर जिले में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को भांडेर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
भांडेर एसडीओपी पूनम चन्द यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने खैरी माता मंदिर के सामने स्थित एक कोठी पर संचालित जुआ फड़ पर दबिश देकर 17 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान दो पुलिस आरक्षक भी जुआ खेलते हुए पकड़े गए, जिन पर तत्काल विभागीय कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया।
पुलिस द्वारा की गई छापेमारी में मौके से 2 लाख 80 हजार रुपये नकद, 6 ताश की गड्डियां और 13 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के पहुंचने पर मौके से वृजेंद्र कमरिया और अरुण यादव फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पुलिस विभाग के आरक्षक जयपाल पालिया और मुकेश यादव भी शामिल हैं। दोनों आरक्षकों के जुआ खेलते हुए पकड़े जाने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने दोनों आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
जारी निलंबन आदेश के अनुसार निलंबन अवधि के दौरान दोनों आरक्षकों को थाना गोंदन अटैच किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने वाले पुलिसकर्मियों द्वारा इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल होना गंभीर अनुशासनहीनता है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
इस कार्रवाई को जिले में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की बड़ी और प्रभावी कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
दतिया में जुआ फड़ पर बड़ी कार्रवाई: 2 आरक्षक समेत 17 जुआरी गिरफ्तार, 2.80 लाख रुपये बरामद
May 30 2026 3:36PM
2 मिनट का रीड
368166
14





