पूर्वी सिंहभूम : पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत जमुआ पंचायत के इंदबनी गांव के समीप शुक्रवार सुबह एक जंगली हाथी के हमले में 60 वर्षीय काबुल मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, काबुल मुंडा सुबह किसी काम से पैदल जा रहे थे। इसी दौरान इंदबनी जंगल क्षेत्र के पास उनकी अचानक एक हाथी से आमने-सामने मुठभेड़ हो गई। हाथी ने उन्हें देखते ही हमला कर दिया और सूंड से उठाकर पटक दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग को इसकी जानकारी दी। वन विभाग के सहयोग से घायल काबुल मुंडा को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम अस्पताल रेफर कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि इंदबनी जंगल क्षेत्र में पिछले कई दिनों से तीन हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। हाथियों की लगातार मौजूदगी के कारण आसपास के गांवों के लोग भय के साये में जीवन बिता रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों और जंगल की ओर जाने में भी लोगों को डर लग रहा है।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर सुरक्षित स्थानों की ओर खदेड़ने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी और स्थायी उपाय करने की मांग की है।





