फतेहाबाद। जिले के रतिया क्षेत्र के गांव रोझावाली और भूंदड़वास के पास भाखड़ा नहर में शुक्रवार को तीन अलग-अलग हादसों में बहे तीन युवकों की तलाश शनिवार को भी लगातार जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस की सूचना पर शनिवार सुबह हिसार से राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीम मौके पर पहुंच गई। राजेश कुमार के नेतृत्व में आई छह सदस्यीय एसडीआरएफ टीम ने स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों के साथ मिलकर नहर के तेज बहाव में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
बता दें कि रतिया क्षेत्र में शुक्रवार को संदिग्ध एवं अप्रत्याशित परिस्थितियों में तीन युवक लापता हो गए थे, जिनके नहर में डूबने की प्रबल आशंका है। पहले मामले में गांव ब्राह्मणवाला का निवासी अमनदीप सिंह (19) जिम से अपनी स्कूटी पर घर लौट रहा था, लेकिन वह वापस नहीं पहुंचा। तलाशी के दौरान नहर किनारे उसकी स्कूटी, मोबाइल फोन और चप्पलें बरामद हुई। दूसरी घटना रोझावाली के समीप हुई, जहां रतिया में कंप्यूटर कोर्स करने वाला गांव खेड़ा का गगनदीप सिंह (18) अपने दोस्तों के साथ नहर में नहाने गया था।
नहाते समय अचानक संतुलन बिगडऩे के कारण वह पानी के तेज बहाव में बह गया। तीसरा हादसा भूंदड़वास के पास हुआ, जहां गांव निकुवाना का रहने वाला मनजीत सिंह (36) नहर में नहाने के लिए उतरा था, लेकिन पानी का बहाव अत्यधिक तेज होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं पाया और लापता हो गया। एक ही दिन में तीन युवकों के नहर में लापता होने की सूचना के बाद से पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और गांवों में सन्नाटा पसरा है।
नहर के किनारे परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी हुई है। स्थानीय पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें नाव व आधुनिक उपकरणों की मदद से नहर के अलग-अलग हिस्सों और डाउनस्ट्रीम में युवकों की खोजबीन में जुटी हैं। बचाव दल द्वारा लगातार प्रयास जारी हैं।





