एसटीएफ ने अवैध हथियारों के साथ तीन अपराधियों को किया गिरफ़्तार,मोस्ट-वॉन्टेड लुटेरा भी पकड़ा गया

एसटीएफ ने अवैध हथियारों के साथ तीन अपराधियों को किया गिरफ़्तार,मोस्ट-वॉन्टेड लुटेरा भी पकड़ा गया


मुजफ्फरपुर, 27 जून (हि.स.)। बिहार में अपराध और संगठित आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने मुजफ्फरपुर जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनमें अवैध हथियारों के साथ पकड़े गए तीन अपराधियों के अलावा लंबे समय से फरार चल रहा एक मोस्ट वांटेड अपराधी भी शामिल है।

एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि पानापुर थाना क्षेत्र में कुछ अपराधी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही एसटीएफ की विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की और इलाके की घेराबंदी कर तीन कुख्यात अपराधियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान महेश कुमार राय (पिता-स्वर्गीय रामविलास राय, निवासी-बोरिया उत्तरी, मोतीपुर), मुकेश राम (पिता-शंकर राम, निवासी-मोतीपुर) तथा दीपक कुमार (पिता-सुरेंद्र राम, निवासी-छोटा सिंदुआरी, मोतीपुर) के रूप में हुई है।

गिरफ्तार अपराधियों की तलाशी के दौरान एसटीएफ ने उनके कब्जे से एक देसी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन, बिना वैध दस्तावेजों वाली एक मोटरसाइकिल, 1,600 रुपये नकद, एक पहचान पत्र तथा सोने जैसा दिखने वाला हनुमानी लॉकेट बरामद किया। पुलिस का मानना है कि जब्त किए गए मोबाइल फोन का उपयोग आपराधिक गतिविधियों के संचालन और संपर्क बनाए रखने में किया जा रहा था।

इस मामले में पानापुर (मीनापुर) थाना में संबंधित धाराओं के तहत नया मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास की जांच करने के साथ-साथ उनके नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की भी तलाश कर रही है।

एसटीएफ को दूसरी बड़ी सफलता मोतीपुर थाना क्षेत्र में मिली, जहां विशेष अभियान के दौरान साहेबगंज थाना के मोस्ट वांटेड अपराधी आकाश कुमार को साहेबगंज मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया। आकाश कुमार (पिता-हरेंद्र राय) साहेबगंज थाना क्षेत्र के माधोपुर हजारी गांव का निवासी है।

पुलिस के अनुसार, आकाश कुमार साहेबगंज थाना कांड संख्या 287/23 (दिनांक 28 जून 2023) में दर्ज लूट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के समय उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आकाश कुमार के खिलाफ पहले से लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट से जुड़े कम से कम दो गंभीर मामले दर्ज हैं। इसके अलावा वह क्षेत्र में हुई कई अन्य आपराधिक घटनाओं में भी संदिग्ध रहा है। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी और वह लगातार पुलिस से बचता फिर रहा था।

जिला पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम दोनों मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Subscribe Now