नई दिल्ली : सराय जुलैना रेड लाइट पर ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मी को कार से टक्कर मारकर फरार होने वाले चालक को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई किआ सोनेट कार भी बरामद कर ली है। यह मामला सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद काफी चर्चा में आया था।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त संजीव कुमार यादवने शनिवार को बताया कि 10 जून की सुबह करीब 9:45 बजे न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी ट्रैफिक सर्किल में तैनात हेड कांस्टेबल राहुल कुमार सराय जुलैना रेड लाइट के पास यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान जामिया नगर की ओर से एक काले रंग की किआ सोनेट कार गलत दिशा में तेज रफ्तार से आती दिखाई दी। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन होते देख राहुल कुमार ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और भागने के दौरान ट्रैफिककर्मी को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से राहुल कुमार घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घायल ट्रैफिककर्मी को उनके साथी फोर्टिस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज कराया गया। मामले में न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और मोटर वाहन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की मध्य रेंज की टीम का गठन किया गया। टीम ने वारदात स्थल और आरोपी के भागने के रास्ते के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की मदद से आरोपी की पहचान जामिया नगर निवासी 31 वर्षीय मोहम्मद मुबश्शिर अब्बास के रूप में की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। वह मोबाइल फोन को बार-बार बंद और चालू कर रहा था तथा एक जगह ज्यादा देर तक नहीं रुक रहा था। लगातार निगरानी के बाद क्राइम ब्रांच ने 12 जून को कनॉट प्लेस क्षेत्र से उसे दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि घटना वाले दिन वह अपने कार्यालय कनॉट प्लेस जा रहा था और देर हो रही थी। सराय जुलैना के पास यातायात जाम से बचने के लिए उसने जानबूझकर गलत दिशा में वाहन चलाया। जब ट्रैफिक पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह जांच से बचने के लिए तेजी से वाहन निकालने लगा और इसी दौरान उसने ट्रैफिककर्मी को टक्कर मार दी। इसके बाद बिना रुके मौके से फरार हो गया।
आरोपित ने यह भी स्वीकार किया कि घटना के बाद पुलिस की तलाश से बचने के लिए उसने कार को जामिया नगर इलाके में छिपा दिया था और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर किआ सोनेट कार बरामद कर ली है।





