logo

फतेहपुर : घर के बाहर सो रहे युवक को मारी गोली


फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में जाफरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत घर के बाहर सो रहे एक युवक को रविवार की देर रात अज्ञात हमलावर ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक काे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।

जाफरगंज थाना क्षेत्र के धौरहरा गांव निवासी गोबिंद (30) मुंबई में मजदूरी करता है। कुछ दिन पूर्व वह घर आया है। बीती रात रविवार काे वह एक कार्यक्रम से लौटकर अपने घर के बाहर परिवार के साथ सो गया। उसके पास ही उसके छोटे-छोटे बच्चे सो रहे थे। रात करीब एक बजे अचानक फायरिंग की आवाज से परिवार की नींद खुल गई। जब तक परिजन कुछ समझ पाते, गोबिंद गोली लगने से लहूलुहान हालत में चीख रहा था। इस बीच अंधेरे का फायदा उठाकर हमलावर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद घबराए परिजन घायल हालत में गाेबिंद को तत्काल प्राईवेट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है और हालत गंभीर बताई जा रही है।

थाना प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ला ने साेमवार काे बताया कि घटना के संबंध में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, हालांकि पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है। आखिर हमलावर कौन था और उसने सोते हुए युवक को निशाना क्यों बनाया, पुलिस इसके हर पहलू की जांच कर रही है।

Subscribe Now