logo

दिल्ली-बिहार ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़, छह तस्कर गिरफ्तार


-बिहार से लाकर दिल्ली-एनसीआर में खपाते थे नशा

नई दिल्ली। पूर्वी जिले की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड (एएनएस) ने अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से कुल 58.7 किलोग्राम गांजा (व्यावसायिक मात्रा) और 5.31 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है।

पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने रविवार को बताया कि इस मामले में पहले दो आरोपित नदीम और मोनू उर्फ अभिषेक को गिरफ्तार किया गया था। इनके पास से 45 किलो 760 ग्राम गांजा, 2.65 लाख रुपये नकद, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और पैकिंग सामग्री बरामद हुई थी। इसके बाद आगे की जांच में चार अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया।

जांच के दौरान 9 अप्रैल को नदीम की निशानदेही पर लोनी (गाजियाबाद) निवासी शेर खान को पकड़ा गया, जो इस नेटवर्क का मुख्य सप्लायर था। इसके बाद 11 अप्रैल को कल्याणपुरी निवासी पिंकी कौर उर्फ डॉन (43) को गिरफ्तार किया गया। जिसके पास से 2 किलो 636 ग्राम गांजा और 2.66 लाख रुपये नकद बरामद हुए।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए बिहार से गांजा सप्लाई करने वाले स्रोत तक पहुंच बनाई। 11 अप्रैल को ही संजय झील के पास जाल बिछाकर बिहार के वैशाली जिले के बिद्दीपुर निवासी दीपक पटेल (31) और विकास (32) को गिरफ्तार किया गया। दोनों के पास से करीब 10 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह बिहार से बड़ी मात्रा में गांजा लाकर दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करता था। आरोपित किराए के मकानों या घरों में गांजा छिपाकर रखते थे और बाद में छोटे-छोटे पैकेट बनाकर स्थानीय स्तर पर बेचते थे। इसके लिए वे प्लास्टिक पाउच, स्टेपलर और टेप का इस्तेमाल करते थे, ताकि आसानी से वितरण किया जा सके।

पुलिस के अनुसार, गिरोह भीड़भाड़ वाले रिहायशी इलाकों को अपना ठिकाना बनाता था, जिससे किसी को शक न हो। उनका मुख्य उद्देश्य तेजी से मुनाफा कमाना था और इसके लिए उन्होंने एक संगठित नेटवर्क तैयार कर रखा था। फिलहाल सभी छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और आगे-पीछे के लिंक की जांच कर रही है।

Subscribe Now