किशनगंज। किशनगंज रेलवे स्टेशन से विवेक एक्सप्रेस की एक 25 वर्षीय महिला यात्री के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है।
असम से तमिलनाडु जा रही महिला के पति ने अपहरण की आशंका जताते हुए सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार असम के धुबरी जिला अंतर्गत आईरनजोंगला निवासी रुबूल शेख ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि उसकी पत्नी रसीदा खातून अपनी बहन नजीरा खातून के साथ 22 मई को न्यू कूचबिहार से तमिलनाडु के तिरुपुर जाने के लिए विवेक एक्सप्रेस के बी-2 कोच में सवार हुई थी।
यात्रा के दौरान जब ट्रेन किशनगंज रेलवे स्टेशन पर रुकी तो रसीदा खातून अपनी बहन को सोता छोड़कर ट्रेन से नीचे उतर गई। बताया गया है कि रसीदा के पास नकदी के अलावा कुछ आभूषण भी थे। बाद में सहयात्रियों ने नजीरा खातून को जानकारी दी कि उसकी बहन प्लेटफॉर्म पर उतरने के बाद स्टेशन से बाहर चली गई थी।
इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका है। परिजनों द्वारा संपर्क करने का प्रयास किए जाने पर उसका मोबाइल फोन भी लगातार स्विच ऑफ आ रहा है। रुबूल शेख ने बताया कि वह तमिलनाडु के तिरुपुर में टेलर का काम करता है और उसकी पत्नी भी वहीं उसके साथ रहती थी।
उसने आरोप लगाया कि करीब पांच माह पूर्व उसे जानकारी मिली थी कि उसकी पत्नी फेसबुक पर श्रवण कुमार नामक युवक से बातचीत करती थी। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद भी हुआ था। रुबूल का दावा है कि पत्नी को समझाने के बाद श्रवण कुमार ने उसे रसीदा के अपहरण की धमकी दी थी।
पीड़ित पति का आरोप है कि जब उसने श्रवण कुमार और उसके मित्र शिवम कुशवाहा से संपर्क किया तो दोनों ने रसीदा के अपने पास होने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
सदर थाना अध्यक्ष निसार अहमद ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है तथा महिला की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
किशनगंज स्टेशन से विवेक एक्सप्रेस की महिला यात्री रहस्यमय ढंग से लापता, अपहरण की आशंका
Jun 1 2026 10:12AM
3 मिनट का रीड
246617
13





