सिमरी बख्तियारपुर बाजार में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, दो दुकान जलकर राख

सिमरी बख्तियारपुर बाजार में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, दो दुकान जलकर राख
सहरसा। अनुमंडल मुख्यालय सिमरी बख्तियारपुर स्थित बाजार के दुर्गा स्थान गली में गुरुवार की अहले सुबह शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। इस भयावह हादसे में दो दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं।जिसमें लाखों रुपये की क्षति का अनुमान है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार तड़के करीब 3 बजे जुबली टेलर्स नामक दुकान से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बगल की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया।

स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग को घटना की सूचना दी। हालांकि, लोगों का आरोप है कि दमकल की गाड़ी काफी देर से पहुंची, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि जब जलती हुई दुकान का शटर खोला गया, तो आग की लपटें पास लगे बिजली के पोल तक पहुंच चुकी थीं। इस आपातकालीन स्थिति के बावजूद बिजली विभाग द्वारा समय पर बिजली आपूर्ति बंद नहीं की गई।

करंट प्रवाहित होने के डर से आग बुझाने के काम में काफी बाधा आई और खतरा बना रहा।आक्रोशित लोगों का कहना है कि यदि बिजली विभाग समय रहते बिजली काट देता और दमकल की गाड़ी समय पर पहुंच जाती, तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।

अग्निशमन कर्मियों और स्थानीय युवाओं के सामूहिक प्रयासों व लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस हादसे में जुबली टेलर्स के प्रोपराइटर मोहम्मद आतिक और हाल ही में शुरू हुई कोमल वस्त्रालय की संचालिका चंचल देवी का सब कुछ जलकर स्वाहा हो गया। दोनों दुकानदारों को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है।

घटना के बाद स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Subscribe Now