नशीले इंजेक्शनों के साथ तस्कर गिरफ्तार, ड्रग नेटवर्क का खुलासा

नशीले इंजेक्शनों के साथ तस्कर गिरफ्तार, ड्रग नेटवर्क का खुलासा
हरिद्वार। उत्तराखंड पुलिस के ऑपरेशन प्रहार एवं ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत नशा तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और बुग्गावाला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक तस्कर को 44 नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस मुख्यालय के निर्देशों पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना बुग्गावाला पुलिस ने रोशनाबाद-बुग्गावाला मार्ग पर ग्राम कुड़कावाला तिराहे के पास चेकिंग अभियान के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 44 लीजेसिक बुप्रेनोर्फिन इंजेक्शन बरामद हुए, जिनकी कुल मात्रा 88 एमजी पाई गई। पुलिस ने मौके से एक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान कुर्बान पुत्र इसरार निवासी मोहल्ला चौहानन, कोतवाली ज्वालापुर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने कई बड़े ड्रग पैडलरों के नामों का खुलासा किया है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ थाना बुग्गावाला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस नशा तस्करी में शामिल अन्य आरोपिनों की तलाश में जुटी है।

Subscribe Now