BREAKING NEWS

चोरी की रेत से भरा हाईवा पकड़ाया, चालक गिरफ्तार

चोरी की रेत से भरा हाईवा पकड़ाया, चालक गिरफ्तार
जबलपुर। मध्‍य प्रदेश के ग्वारीघाट थाना पुलिस ने अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चोरी की रेत से भरे एक हाईवा डम्पर को जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वाहन मालिक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।

बुधवार को थाना प्रभारी ग्वारीघाट हरिकिशन आटनेरे ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि भटौली क्षेत्र से बिना रॉयल्टी के रेत भरकर एक हाईवा बिग बाजार की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर दुर्गानगर क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी की। इसी दौरान हाईवा क्रमांक एमपी 20 एचबी 8991 आता दिखाई दिया, जिसमें रेत लोड थी।

पुलिस ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक हाईवा को तेज रफ्तार में विसर्जन कुण्ड की ओर भगाने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी करते हुए ग्वारीघाट स्थित विसर्जन कुण्ड के पास वाहन को रोक लिया।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम राकेश ठाकुर ग्राम गांजर, थाना पनागर बताया। चालक रेत परिवहन से संबंधित रॉयल्टी या अन्य वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। उसने पुलिस को बताया कि बेलखाडू से रेत लाकर वाहन मालिक वकील यादव के कहने पर सप्लाई की जाती थी।

पुलिस ने हाईवा समेत लोड रेत जब्त कर आरोपी चालक और वाहन मालिक के खिलाफ धारा 303(2), 317(5), 3(5) बीएनएस एवं 21(4) खान एवं खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Subscribe Now