श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले की गुरनावदा सोसाइटी में शुक्रवार को खाद वितरण के दौरान हंगामा हो गया। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में लोग खाद से भरे ट्रक पर चढ़कर कट्टे सड़क पर फेंकते हुए दिखाई दिए। इसके बाद किसानों और सोसाइटी कर्मचारियों के बीच तनाव की स्थिति बन गई, जिसे संभालने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा।
60 टन खाद पहुंची, सड़क पर फेंकते ही मची अफरा-तफरी
सोसाइटी में करीब 60 टन खाद पहुंची थी। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार वितरण होना था, लेकिन जैसे ही ट्रक सोसाइटी के बाहर पहुंचा, कुछ लोग उस पर चढ़ गए और कट्टों को सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया। इससे किसानों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
डीएमओ बोले, ऐसा कुछ नहीं हुआ
जिला विपणन अधिकारी (डीएमओ) सत्येंद्र सिंह ने खाद लूटने की बात को पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने कहा कि ट्रक से कट्टे नीचे उतारे जा रहे थे, लेकिन कुछ लोगों ने उसे ‘लूट’ का रूप दे दिया। उनके अनुसार, समिति के सदस्य नियमों के तहत खाद ले रहे थे और वितरण प्रक्रिया सामान्य रूप से जारी है।













