राजगढ़। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र के ग्राम सेमलावे में पुराने विवाद ने फिर उग्र रूप ले लिया, जब भियापुरा गांव के कुछ लोगों ने लाठी-फर्से से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दो महिलाओं सहित पाँच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने गुरुवार को सात लोगों के खिलाफ हत्या का प्रयास, बलवा सहित अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की।
पुलिस के अनुसार पीड़ित ललिताबाई तंवर निवासी सेमलावे ने रिपोर्ट में बताया कि लगभग 15 दिन पहले वह परिवार सहित बोलेरो वाहन से एक शादी समारोह में जा रहे थे। रास्ते में ग्राम भियापुरा जोड़ पर खड़े अशोक तंवर को हॉर्न बजाकर रास्ता देने को कहा तो उसने विवाद किया था। मामला उस समय शांत हो गया था, लेकिन बीती बुधवार रात अशोक तंवर साथियों को लेकर सेमलावे गांव पहुंचा और गाली-गलौंज करने लगा।
विरोध करने पर उन्होंने लाठी-फर्से से हमला कर दिया, जिसमें गायत्रीबाई (21) पुत्री सूरज तंवर, शंकरलाल (30) पुत्र हजारलाल तंवर, देवसिंह (21) पुत्र गंगाराम तंवर, महेन्द्र (22)पुत्र अर्चनसिंह तंवार और ललिताबाई (40) पत्नी अर्चनसिंह तंवर गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें गायत्रीबाई की हालत नाजुक बताई गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामले में रोड़जी, कमल, अशोक, प्रभूलाल, चैनसिंह सहित कुल सात आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा और अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।











