चाईबासा डेम में डूबने से युवक की मौत, 12 घंटे बाद मिला शव

चाईबासा डेम में डूबने से युवक की मौत, 12 घंटे बाद मिला शव
पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चाईबासा डेम में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बड़ी बाजार स्थित मस्जिद मोहल्ला निवासी 22 वर्षीय इजहार अशरफ उर्फ जानू के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार इजहार अशरफ बुधवार शाम रोज की तरह नहाने के लिए चाईबासा डेम गया था। वह अक्सर अपने दोस्तों के साथ डेम में नहाने जाया करता था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई। इसी बीच डेम किनारे उसकी बाइक खड़ी मिली। बाइक मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। इसके बाद आशंका जताई गई कि युवक डेम में डूब गया है।

मृतक के भाई के दोस्त तहसीन अमीन ने बताया कि सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग और स्थानीय लोग डेम पहुंचे। घटना की जानकारी मिलते ही मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई गई। रातभर खोजबीन चलती रही,लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।

गुरुवार सुबह फिर से डेम में खोज अभियान शुरू किया गया। करीब 12 घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव डेम से बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Subscribe Now