राजगढ़ः ग्रामीणों ने चोरी के आरोप में युवक को बांधकर पीटा, गर्म सरिए से दागा

राजगढ़ः ग्रामीणों ने चोरी के आरोप में युवक को बांधकर पीटा, गर्म सरिए से दागा
राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र के ग्राम खारपरस में युवक को बांधकर पीटने और गर्म सरिए से दागने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने गुरुवार को चार आरोपितों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक खारपरस निवासी 22 वर्षीय गोविंद पुत्र रमेश वर्मा ने शिकायत में बताया कि गांव के देवराज पुत्र कालूसिंह सौंधिया, लखन पुत्र हिन्दूसिंह सौंधिया, रामबाबू पुत्र जगन्नाथ सौंधिया और एक युवती ने उसके साथ गाली-गलौज की। इसके बाद हाथ-पैर बांधकर मारपीट की गई। आरोप है कि युवती घर से गर्म लोहे का सरिया लेकर आई और उसके पैर को दाग दिया। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने वीडियो बना लिया, जो बाद में वायरल हो गया। पुलिस ने इस मामले में चारों आरोपितों के खिलाफ धारा 296, 115(2), 118(1),351(3) बीएनएस और एससी- एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

मामले की जांच में सामने आया कि 23 जून की रात गोविंद वर्मा गांव की 90 वर्षीय जतनबाई सौंधिया के घर में घुस गया था। उस समय बुजुर्ग महिला घर में अकेली सो रही थीं। आरोप है कि गोविंद ने उनके पैरों से चांदी की पायल निकाल ली। इसी दौरान महिला की नींद खुल गई और उन्होंने शोर मचा दिया, जिसके बाद गोविंद मौके से भाग गया। अगले दिन गांव में घटना की जानकारी फैलने पर ग्रामीणों ने गोविंद को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने गोविंद के खिलाफ घर में घुसकर लूट का केस दर्ज कर पायल बरामद कर ली है। मामले की जांच एसडीओपी स्तर पर की जा रही है।

Subscribe Now