जींद। अलेवा खंड के गांव संडील में जमीन बंटवारा विवाद को लेकर बड़े भाई द्वारा छोटे भाई की हत्या के मामले में अलेवा थाना पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
गांव संडील निवासी महेंद्र ने गत 19 मई को अलेवा थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह चार भाई हैं।
सबसे बड़ा रामफल, उससे छोटा व खुद व उससे छोटा सत्यवान है। जबकि सबसे छोटा खुशीराम था। चारों भाइयों के बीच जमीन को लेकर बंटवारा हुआ था।
गत 19 मई को उनकी जमीन का बंटवारा करवाया गया था लेकिन उनका भाई सत्यवान जमीन को बेचना चाहता था। खुशीराम उसको जमीन बेचने से मना कर रहा था। जिसको लेकर सत्यवान तथा खुशीराम में झगडा हो गया। खुशीराम जब गली से गुजर रहा था तो सत्यवान ने उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। जिसमें उसका भाई खुशीराम गंभीर रूप से घायल हो गया।
जिसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
गुरूवार को जानकारी देते हुए अलेवा थाना प्रभारी आत्माराम ने बताया कि पुलिस ने सत्यवान के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित को पुलिस द्वारा अदालत में पेश किया गया जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर पुलिस सौंप दिया गया है।
जींद में छोटे भाई की हत्या करने का आरोपित बड़ा भाई गिरफ्तार
May 21 2026 10:06AM
2 मिनट का रीड
294470
11





