यमुनानगर की शिवनगर खड्डा कॉलोनी में गुरुवार देर रात घर में अकेली 56 वर्षीय महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। महिला के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने की आशंका है।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार दीपक एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। गुरुवार रात करीब आठ बजे ड्यूटी से लौटने पर उसने घर का मुख्य दरवाजा खुला देखा।
अंदर जाकर उसने मां को कमरे में खून से लथपथ हालत में पड़ा पाया। उसने उन्हें उठाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसी दौरान उसकी बहन पूजा का फोन आया।
फोन उठाने पर दीपक ने रोते हुए उसे मां की हत्या की जानकारी दी।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम, सीआईए की टीमें, एसपी कमलदीप गोयल और डीएसपी रजत गुलिया घटनास्थल पर पहुंचे।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को लूट की आशंका भी नजर आई है, हालांकि वारदात का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। परिजनों ने किसी से रंजिश होने से इनकार किया है।
एएसआई सुरजीत सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की हत्या सिर पर वार किए जाने से हुई प्रतीत होती है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों तथा वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की पुष्टि होगी।





