भोपाल। मध्य प्रदेश में ठंड का असर तेज होने लगा है। प्रदेश में अब कोहरा भी छा रहा है। भोपाल समेत कई शहरों में शुक्रवार सुबह कोहरा छाया रहा। शनिवार को भी सुबह ग्वालियर, भिंड और निवाड़ी में मध्यम कोहरे का असर देखने को मिला। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्से यानी, ग्वालियर-चंबल में ठंड बढ़ने का अनुमान जताया है। यहां रात का तापमान 2 डिग्री तक लुढ़क सकता है। ऐसा मौसम 20 नवंबर तक बना रहेगा। भोपाल, इंदौर-जबलपुर में भी सर्दी बढ़ेगी, जबकि पचमढ़ी-अमरकंटक सबसे ठंडे रहेंगे।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि प्रदेश में पिछले 3 दिन से ठंड का असर ज्यादा बढ़ा है। इसकी वजह उत्तर-पूर्वी हवाओं का असर कम होना है। वहीं, पहाड़ों में जेट स्ट्रीम हवाओं का चलना है। ये हवाएं प्रदेश के उत्तरी हिस्से में भी आ रही है। इस वजह से शुक्रवार से मौसम में बदलाव देखने को मिला है, जो अगले कुछ दिन और बना रहेगा। उन्होंने बताया कि हवा का रुख जब उत्तर-पश्चिमी हो जाएगा और पहाड़ों पर बर्फबारी होगी, तब तापमान में और गिरावट होगी। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के असर से ग्वालियर-चंबल संभाग सबसे ज्यादा ठंडा रहेगा। शनिवार से सुबह-शाम धुंध भी बढ़ेगी।
वहीं, प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में दिन-रात दोनों ही सबसे ठंडे हैं। पिछली दो रातों से यहां 8.8 और 9.6 डिग्री तापमान रहा। वहीं, गुरुवार-शुक्रवार को पारा 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पचमढ़ी के अलावा अमरकंटक, शहडोल, मंडला, नौगांव, उमरिया, बालाघाट, छिंदवाड़ा, रीवा, रायसेन, राजगढ़, बैतूल, खंडवा, खरगोन, खजुराहो और टीकमगढ़ ऐसे शहर हैं, जहां रात का तापमान 15 डिग्री से नीचे हैं। पचमढ़ी, अमरकंटक-शहडोल सबसे ठंडे हैं। बड़े शहरों में भोपाल और जबलपुर सबसे ठंडे हैं। गुरुवार-शुक्रवार की रात में भोपाल में 12.8 डिग्री और जबलपुर में 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इंदौर में 15.6 डिग्री, ग्वालियर-उज्जैन में 15.5 डिग्री रहा।
कई शहरों में सर्दी ने पकड़ी रफ्तार, छा रहा कोहरा, ग्वालियर-चंबल में बढ़ेगी ठंड
Nov 16 2024 12:44PM
2 मिनट का रीड
338882
1





