कूचबिहार : जॉब कार्ड फिर से चालू करने की मांग को लेकर कूचबिहार एक नंबर ब्लॉक के बीडीओ कार्यालय के सामने शुक्रवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि राजनीतिक द्वेष के कारण उनके जॉब कार्ड रद्द कर दिए गए। उनका कहना है कि वाम शासनकाल में उनके पास वैध जॉब कार्ड थे, लेकिन बाद में तृणमूल सरकार के सत्ता में आने के बाद से उन्हें विभिन्न सरकारी सुविधाओं से वंचित किया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि उनके जॉब कार्ड रद्द कर दिए गए जिसकी वजह से लंबे समय से उन्हें कोई काम नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि पहले भी कई बार प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला है। मजबूर होकर वे बीडीओ कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शन के दौरान काफी तनाव देखा गया और ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। हालांकि, इस मामले में प्रशासन की ओर से खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।





