—बेटा घटना से रहा अनजान,पुलिस छानबीन में जुटी
वाराणसी। उत्तर प्रदेश में वाराणसी के चौक थाना क्षेत्र स्थित बेनियाबाग हरिजन बस्ती में सोमवार तड़के अज्ञात बदमाशों ने सो रहे एक अधेड़ सफाईकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। हैरत की बात यह रही कि मृतक के बगल में सो रहा उसका बेटा वारदात से अनजान रहा। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से पुलिस को दो खोखे भी मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मिर्जापुर जिले के नारायणपुर निवासी राजन (60) के रूप में हुई है। राजन सफाईकर्मी थे और उनकी दो पत्नियां हैं। पहली पत्नी उनके साथ नारायणपुर में रहती है, जबकि दूसरी पत्नी बेनियाबाग हरिजन बस्ती में रहती है। दूसरी पत्नी के बेटे की 20 जून को सगाई प्रस्तावित है। इसी कार्यक्रम की तैयारियों में शामिल होने के लिए राजन कुछ दिन पहले वाराणसी आए थे।
बताया गया कि रविवार रात भोजन करने के बाद राजन अपनी दूसरी पत्नी के बेटे के साथ घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। सोमवार भोर में मोटरसाइकिल से पहुंचे हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले में राजन के सिर में तीन और पेट में दो गोलियां लगीं। गोली चलने की आवाज और राजन की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
सूचना पर चौक थाना पुलिस के साथ डीसीपी काशी जोन, एडीसीपी तथा एसीपी दशाश्वमेध भी घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
डीसीपी काशी गौरव बंसवाल ने बताया कि बेनियाबाग मलिन बस्ती में राजन नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मामले की गहन जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि चार दिन पहले भी राजन पर हमला करने की कोशिश की गई थी। उस समय वह घर के बाहर सो रहे थे। मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध युवक उनके पास पहुंचे थे, लेकिन आहट मिलने पर राजन की नींद खुल गई। उनके शोर मचाने पर परिजन बाहर निकल आए, जिसके बाद दोनों युवक मौके से भाग निकले थे। इस घटना के बाद पुलिस पुराने विवादों और पूर्व हमले के एंगल को भी जांच के दायरे में लेकर पड़ताल कर रही है।
बेनियाबाग हरिजन बस्ती में सो रहे अधेड़ की गोली मारकर हत्या, बेटे के पास ही लेटा था
Jun 15 2026 7:17AM
3 मिनट का रीड
468284
10





