BREAKING NEWS

logo

रामपुर अधिवक्ता हत्याकांड के विरोध में जौनपुर में न्यायिक कार्य का बहिष्कार


जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जनपद जौनपुर के दीवानी न्यायालय के अधिवक्ताओं ने जनपद रामपुर में अधिवक्ता फारुक अहमद खां की गोली मारकर की गई हत्या के विरोध में गुरुवार को न्यायिक कार्य से विरत रहते हुए जोरदार विरोध दर्ज कराया।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष चन्द्र यादव की अध्यक्षता में संघ सभागार में आयोजित आपात बैठक में घटना की कड़े शब्दों में निंदा की गई। वक्ताओं ने कहा कि जनपद रामपुर में अधिवक्ता की दिनदहाड़े हत्या अत्यंत चिंताजनक और निंदनीय है। यह घटना कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है।

अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अधिवक्ताओं पर लगातार हमले हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हो रहा है। बैठक में अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम को तत्काल लागू करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।

सभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर रामपुर बार एसोसिएशन के आंदोलन का समर्थन किया गया तथा पूरे दिन न्यायिक कार्य का बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया। साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार को विरोध पत्र प्रेषित करने का भी निर्णय लिया गया। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम शीघ्र लागू नहीं किया गया तो वे व्यापक आंदोलन और धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।

Subscribe Now