BREAKING NEWS

बुलंदशहर : तीहरे हत्याकांड में फरार चल रहे दो इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार

बुलंदशहर : तीहरे हत्याकांड में फरार चल रहे दो इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में तीहरे हत्याकांड में फरार चल रहे दो इनामी बदमाशों को पुलिस और स्वॉट टीम ने मंगलवार की रात एक मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगने पर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। इनके पास से तमंचा, पिस्टल और घटना से जुड़ी डीवीआर बरामद हुई है।

खुर्जा क्षेत्राधिकारी (सीओ) शोभित कुमार ने बुधवार को बताया कि शनिवार रात को सुभाष मार्ग स्थित एक जिम में जन्मदिन की पार्टी के दौरान अमरदीप, उसके चचेरे भाई मनीष और भतीजे आकाश की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने 10 लोगों को नामजद करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी। सोमवार को पुलिस ने मयंक, रुपेश और नरेश को गिरफ्तार किया था। मंगलवार की रात आरोपित रिंकू सैनी और भरत सैनी को गिरफ्तार कर लिया। देर रात को पुलिस साक्ष्य संकलन के लिए अभियुक्तों को लेकर मुंडाखेड़ा नहर के पास पहुंची। इस दौरान अभियुक्ताें ने छिपाकर रखे तमंचे से पुलिस टीम पर फायर झोंकते हुए भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर उनकी फायरिंग का जवाब दिया। इस दौरान दोनों बदमाश पुलिस की गाेली से घायल हो गये,जिन्हें अभिरक्षा में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया।

सीओ ने बताया कि दोनों बदमाशों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस इनके खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है। इस मामले में अब तक कुल 5 आरोपी पकड़े जा चुके हैं,जबकि अन्य की तलाश जारी है।

Subscribe Now