BREAKING NEWS

फतेहाबाद : राजस्थान से पिकअप में डोडा पोस्त ला रहे पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार

फतेहाबाद : राजस्थान से पिकअप में डोडा पोस्त ला रहे पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार
फतेहाबाद। सीआईए फतेहाबाद पुलिस की टीम ने अंतरराज्यीय नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने राजस्थान सीमा से सटे भट्टूकलां-चौपटा रोड पर हनुमान मंदिर के पास नाकाबंदी के दौरान एक सफेद रंग की महिंद्रा बोलेरो मैक्स पिकअप गाड़ी से 60 किलोग्राम 365 ग्राम डोडा पोस्त बरामद कर पंजाब के दो शातिर नशा तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। य

ह नशा राजस्थान के नागौर-जोधपुर रोड से बोलेरो पिकअप में छिपाकर पंजाब ले जा रहा था। बरामद डोडा पोस्त कमर्शियल क्वांटिटी के तहत आने पर थाना भट्टूकलां में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बूटा सिंह निवासी सुक्खा सिंह वाला, तहसील मोड़ मंडी, जिला बठिंडा और जसविंदर राम निवासी पक्खोकलां, जिला बरनाला, पंजाब के रूप में हुई है।

शुक्रवार को सीआईए फतेहाबाद प्रभारी उप-निरीक्षक वेदपाल ने बताया कि पुलिस टीम रेलवे स्टेशन भट्टूकलां के पास गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान सूचना मिली कि उक्त दोनों आरोपी बोलेरो पिकअप गाड़ी में राजस्थान से भारी मात्रा में डोडा पोस्त भरकर गुप्त रास्तों से होते हुए पंजाब ले जा रहे हैं। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने तुरंत भट्टूकलां से नाथूसरी चौपटा रोड पर हनुमान मंदिर के पास मजबूत नाकाबंदी कर गाड़ी को रुकवाकर दोनों को काबू कर लिया। 

नियमानुसार गाड़ी की गहनता से तलाशी लेने पर तिरपाल व पराली के नीचे छिपाकर रखे गए तीन प्लास्टिक के कट्टों से कुल 60 किलो 365 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना भट्टूकलां में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने नशीले पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल की गई गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे यह खेप राजस्थान में किससे लेकर आए थे और पंजाब में किसे सप्लाई की जानी थी। फिलहाल मामले की जाँच जारी है।

Subscribe Now