कोडरमा। कोडरमा घाटी में रविवार की आधी रात एक बार फिर रफ्तार और तकनीकी खराबी ने जान ले ली। मेघातरी काली मंडा के पास रात करीब 12 बजे दो ट्रेलरों के बीच हुई भीषण टक्कर में आगे चल रहे ट्रेलर के चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक के शव को केबिन से निकालने में पुलिस और राहत दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पीछे से टक्कर मारने वाले ट्रेलर के केबिन में एक व्यक्ति भी काफी देर तक फंसा रहा। बताया जाता है कि दोनों ट्रेलर रांची की ओर से आ रहे थे और कोडरमा होते हुए बिहार की तरफ जा रहे थे। मेघातरी के पास घाटी की ढलान पर पीछे चल रहे ट्रेलर का अचानक ब्रेक फेल हो गया। चालक ने वाहन को संभालने की पूरी कोशिश की, लेकिन बेकाबू ट्रेलर आगे चल रहे ट्रेलर के केबिन से जा भिड़ा। टक्कर की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के दुकानदार और घरों में सो रहे लोग जाग गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सड़क पर दोनों क्षतिग्रस्त ट्रेलर खड़े थे और उनके क्षतिग्रस्त केबिन हादसे की भयावहता बयां कर रहे थे।
सूचना मिलते ही कोडरमा घाटी की हाईवे पेट्रोलिंग पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य सागर कुमार गिरी भी सहयोगियों के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद केबिन में फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला।
मृतक और घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां घायल का इलाज जारी है। देर रात तक दोनों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने दोनों ट्रेलरों को घटना स्थल से किनारे करवा कर लेकर सड़क यातायात चालू करवाया है।





