फतेहाबाद में दर्दनाक हादसा, भाखड़ा नहर में डूबा ITI छात्र

फतेहाबाद में दर्दनाक हादसा, भाखड़ा नहर में डूबा ITI छात्र


फतेहाबाद,। जिले के भूना क्षेत्र में 16 वर्षीय छात्र की भाखड़ा नहर में डूबने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक छात्र का शव नहर में तैरता हुआ गांव सालमखेड़ा के पास से बरामद किया गया। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। छात्र की मौत की खबर मिलते ही गांव चौबारा और परिजनों में कोहराम मच गया। 

मिली जानकारी के अनुसार, गांव चौबारा निवासी भविष्य ने महज 10 दिन पहले ही जमालपुर शेखां स्थित आईटीआई में दाखिला लिया था। शुक्रवार सुबह वह परिजनों से आईटीआई जाने की बात कहकर घर से निकला था। हालांकि, वह संस्थान जाने के बजाय सीधे गोरखपुर स्थित भाखड़ा नहर के पुल पर पहुंच गया। वहां उसने अपना स्कूल बैग नहर की पटरी पर रख दिया और संदिग्ध परिस्थितियों में नहर के तेज बहाव में गिर गया।

 घटना के समय नहर की पटरी से गुजर रहे एक राहगीर की नजर वहां लावारिस हालत में पड़े स्कूल बैग पर पड़ी। अनहोनी की आशंका जताते हुए राहगीर ने जब बैग की जांच की, तो उसमें से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। राहगीर ने तुरंत मोबाइल के जरिए छात्र के परिजनों को स्थिति की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे और तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया। इसके बाद ग्रामीणों और पुलिस की मदद से नहर में तलाश अभियान शुरू किया गया। तलाश के दौरान शुक्रवार देर शाम को घटनास्थल से कुछ दूरी पर थाना सदर फतेहाबाद के अंतर्गत आने वाले गांव सालमखेड़ा के पास छात्र का शव पानी में बहता हुआ दिखाई दिया।

 पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया। पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि छात्र नहर तक कैसे पहुंचा और उसने यह आत्मघाती कदम उठाया या यह किसी हादसे का नतीजा था।

Subscribe Now