-मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने भोपाल में तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने रविवार को भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम से तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने तिरंगा यात्रा में सहभागिता कर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया। देशभक्ति के नारों और हाथों में लहराते तिरंगों के बीच हजारों की संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक तिरंगा यात्रा में सहभागिता की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में देशभक्ति की अलख जगाने वाला अभियान चलाया जा रहा है। महात्मा गांधी के असहयोग आंदोलन की तरह आज देशभर में देशभक्त नागरिक एक साथ तिरंगा यात्रा निकालकर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज इंद्र देवता भी देशभक्तों और वीरों का स्वागत कर रहे हैं। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय के साथ ‘भारत माता की जय’ का उद्घोष किया।
क्रांतिकारियों के लंबे संघर्ष का परिणाम है आजादी
मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन का आह्वान किया था, जिसने अंग्रेजी हुकूमत की चूलें हिला दी थीं। देश की आजादी के लिए क्रांतिकारियों के बलिदान, संघर्ष और अहिंसक आंदोलनों से जो जनज्वार खड़ा हुआ, उसके परिणामस्वरूप अंग्रेजों को भारत छोड़ना पड़ा और देश स्वतंत्र हुआ। उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष और असंख्य बलिदानों से मिली इस आजादी के 15 अगस्त को 80 वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को सदैव स्मरण करना चाहिए। उनके योगदान के कारण ही हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। हम सभी आजादी के पर्व को देश के प्रत्येक वर्ग और नागरिक के साथ मिलकर मनाएं।
उत्तरदायित्व का पालन करें
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम सभी परमात्मा से कामना करें और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले सभी शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को स्मरण करें। इन सभी के योगदान से ही भारत को आजादी मिली है। हम देश के सभी वर्गों और नागरिकों के साथ मिलकर आजादी का पर्व मनाएं तथा अपने उत्तरदायित्व का पूरी निष्ठा के साथ पालन करें। उन्होंने कहा कि हम ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ के मार्ग पर चलें और कामना करें कि हमारा भारत चिर युवा एवं चिर स्वतंत्र रहे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आह्वान पर आज पूरे देश में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। उम्मीद है कि पूरे देश में तिरंगा यात्रा के माध्यम से युवा, बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं मिलकर संकल्प करेंगे कि वे आजीवन देश की सेवा करते रहेंगे।
राष्ट्र सर्वोपरि, भारत की एकता और अखंडता से बडा कुछ नहीं - हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भोपाल की धरती पर उमड़ा तिरंगे का यह सैलाब भारत की अटूट राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय चेतना की ताकत को दर्शाता है। हजारों हाथों में लहराता तिरंगा और ‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी उद्घोष बता रहे हैं कि देश का नागरिक अपने राष्ट्र के सम्मान और गौरव के लिए पूरी मजबूती के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों के भीतर आत्मविश्वास जगाया है और दुनिया के सामने भारत की शक्ति का प्रभाव स्थापित किया है। आज भारत का युवा केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि नए भारत के निर्माण में नेतृत्व करने वाला युवा है। हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि तिरंगा यात्रा का संदेश स्पष्ट है राष्ट्र सर्वोपरि है और भारत की एकता, अखंडता तथा सम्मान से बड़ा कुछ नहीं है। हमें अपने शहीदों के बलिदान को केवल स्मरण नहीं करना है, बल्कि उनके सपनों के भारत के निर्माण के लिए अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना है।
देश के वीर जवानों के शौर्य को नमन करने का अवसर है तिरंगा यात्रा - डॉ. महेन्द्र सिंह
भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि तिरंगा भारत की पहचान ही नहीं, बल्कि उसकी शक्ति और राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया को यह दिखाया है कि 140 करोड़ भारतीयों की सामूहिक शक्ति जब संकल्प में बदलती है, तो कोई भी चुनौती बड़ी नहीं रहती। उन्होंने कहा कि आज भारत अपनी सीमाओं की रक्षा करने में सक्षम है, अपने राष्ट्रीय हितों पर दृढ़ता से निर्णय लेता है और वैश्विक मंच पर पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखता है। तिरंगा यात्रा देश के वीर जवानों के शौर्य को नमन करने और प्रत्येक नागरिक में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करने का अवसर है। डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से गूंजता भोपाल यह संदेश दे रहा है कि देश की एकता और अखंडता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
देशभक्ति के नारों से गूंज उठा आसमान
तिरंगा यात्रा के दौरान लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। हजारों की संख्या में नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के उद्घोष के साथ आगे बढ़ रहे थे। हल्की बारिश के बीच भी देशभक्ति का जोश कम नहीं हुआ। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो इंद्रदेव भी भारत माता के सम्मान और स्वाभिमान को प्रदर्शित करने वाली इस तिरंगा यात्रा को अपना आशीर्वाद प्रदान कर रहे हों।
तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
टीटी नगर स्टेडियम से प्रारंभ हुई तिरंगा यात्रा न्यू मार्केट होते हुए रोशनपुरा चैराहे पहुंची और निर्धारित मार्ग से वापस टीटी नगर स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधियों, जिला पदाधिकारी के साथ बड़ी संख्या में भोपाल के बुजुर्ग, बुद्धिजीवी, डॉक्टर, इंजीनियर, प्रोफेसर, अधिवक्ता, समाजसेवी, उद्यमी, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारी तथा व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बड़ी संख्या में छात्र-युवा, पार्टी कार्यकर्ता और आम नागरिक भी तिरंगा यात्रा का हिस्सा बने। पूरे मार्ग में हाथों में तिरंगा लिए नागरिकों के उत्साह, देशभक्ति के नारों और भारत माता के जयघोष से भोपाल का वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।
तिरंगा यात्रा राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देशभर में जाग रही देशभक्ति की अलख : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
Aug 9 2026 10:16AM
6 मिनट का रीड
854303
15





