'संविधान सर्वोपरि है, राहुल गांधी नहीं'

'संविधान सर्वोपरि है, राहुल गांधी नहीं'

-कांग्रेस न संविधान मानती है, न कानून: अरुण साव

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज गुरुवार काे एक बयान जारी कर कहा कि, भाजपा द्वारा कांग्रेस प्रदेश कार्यालय के घेराव के समय कांग्रेस ने जिस तरह का रवैया अपनाया वह बहुत दुर्भाग्यजनक है। पता नहीं कांग्रेस किस दिशा में जा रही है, सत्ता से बाहर होने पर हताशा में दुर्व्यवहार का रास्ता अख्तियार कर ली है।

साव ने कहा कि, जब ये सरकार में होते हैं तो ये सत्ता का दुरुप्रयोग करते हैं। कल भारतीय जनता पार्टी के आंदोलन के दौरान कांग्रेसी जिस प्रकार से डंडे लहरा रहे थे, सामने में आकर नारे लगा रहे थे। ऐसा कर वे क्या बताना चाहते हैं? उन्होंने कहा कि, अपने नेता को जांबाज बताते हैं। जो नेता मान्य परंपरा, कानून व्यवस्था, संविधान से परे जाकर आचरण करता है, उसे जांबाज बताते हैं। वहीं जांबाजी ये दिखाने की कोशिश कर रहे थे और अब पुलिस प्रशासन को धमकाने का काम कर रहे हैं।

साव ने कहा कि, सूरजपुर की घटना के दौरान इनके नेताओं ने पुलिस को धमकाया और अब ये फिर धमका कर क्या साबित करना चाहते हैं। इनकी धमकियों से कोई डरने वाला नहीं है। सभी के लिए कानून समान है। सभी को कानून सम्मत आचरण करना चाहिए। लेकिन यह दुर्भाग्यजनक है कि कांग्रेस न संविधान मानती है, न कानून मानती है। देश में अराजकता पैदा करने की कोशिश कर रही है।

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री आवास के सामने प्रदर्शन कर अराजकता पैदा करने की कोशिश की। राहुल गांधी लगातार ऐसा आचरण कर रहे हैं कि वे देश से ऊपर हैं, देश के संविधान से ऊपर हैं, और वही स्वभाव छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का है।



साव ने कहा कि, ये एक तरफ उत्पात करते हैं और दूसरी तरफ पुलिस को धमकाते हैं। यह शांत प्रदेश है। इस तरह का आचरण छत्तीसगढ़ की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। इसकी सजा छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस को जरूर देगी।

Subscribe Now