रांची : राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में हुए तनवीर अंसारी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है और वारदात में इस्तेमाल किए गए बुलेट के लोहे के लेग गार्ड को भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, फिरदौस नगर मनीटोला निवासी खतीजा खातून की शिकायत पर 26 मई को डोरंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायत में कहा गया था कि उनके पति तनवीर अंसारी के साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। बाद में रिम्स में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जिसके बाद मामला हत्या में बदल गया।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि तनवीर अंसारी और मुख्य आरोपित जावेद अख्तर के परिवारों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी और झगड़े की घटनाएं हो चुकी थीं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि 26 मई की सुबह जावेद अख्तर और मोहम्मद इजाज अपने घर के पास मौजूद थे। उसी दौरान तनवीर अंसारी बाइक से वहां पहुंचा। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और मामला बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया।
आरोप है कि जावेद अख्तर ने बाइक के लोहे के लेग गार्ड से तनवीर अंसारी पर पीछे से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद भी उनके साथ मारपीट की गई। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।





