BREAKING NEWS

यमुनानगर:आंधी व बारिश से जिला बेहाल, कई क्षेत्रों में बिजली बाधित

यमुनानगर:आंधी व बारिश से जिला बेहाल, कई क्षेत्रों में बिजली बाधित
यमुनानगर यमुनानगर जिले में बुधवार देर रात आए तेज आंधी-तूफान और वर्षा ने यमुनानगर में व्यापक नुकसान पहुंचाया। करीब 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली हवाओं के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में पेड़ उखड़ गए, बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए और एक मोबाइल टावर भी गिर गया। मौसम में बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन रातभर कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सिविल अस्पताल के सामने मुख्य मार्ग पर एक विशाल पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हो गया। पेड़ पास स्थित पुलिस बूथ पर जा गिरा, जिससे बूथ को नुकसान पहुंचा। हालांकि घटना के समय बूथ खाली होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस और नगर निगम कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर मार्ग को खुलवाने का कार्य शुरू किया। यमुनानगर के प्यारा चौक स्थित जैन चक्की के निकट भी एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर पड़ा। इसके साथ ही बिजली के खंभे और इंटरनेट के तार क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे आसपास के क्षेत्रों में रातभर अंधेरा छाया रहा।

कई स्थानों पर लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा। फ्रेंड्स कॉलोनी में एक मकान की छत पर स्थापित मोबाइल टावर तेज हवा के कारण टूटकर समीपवर्ती भवन पर जा गिरा। घटना के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय निवासी करण शर्मा ने बताया कि हादसे के समय आसपास बच्चे और बुजुर्ग मौजूद थे, लेकिन सौभाग्य से कोई घायल नहीं हुआ। गाँव दामला रोड पर भी पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित रहा। नगर निगम और बिजली विभाग की टीमें देर रात से ही क्षतिग्रस्त क्षेत्रों में बहाली कार्य में जुटी रहीं।

Subscribe Now