सीवान। जिले में बढ़ते अपराध और लंबित मामलों को लेकर शनिवार को आयोजित अपराध गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा का कड़ा तेवर देखने को मिला।
समाहरणालय सभागार में हुई बैठक में एसपी ने साफ शब्दों में कहा कि अपराध नियंत्रण में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हत्या, आर्म्स एक्ट और संगीन मामलों में तेजी से चार्जशीट दाखिल कर अपराधियों को सजा दिलाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिले के सभी थानाध्यक्षों, डीएसपी और शाखा प्रभारियों की मौजूदगी में फरार अपराधियों, जेल से छूटे बदमाशों और सक्रिय अपराधकर्मियों की सूची अपडेट कर तत्काल कार्रवाई का आदेश दिया गया। एसपी ने वारंट, कुर्की और गिरफ्तारी अभियान को तेज करने का निर्देश देते हुए कहा कि अपराधियों पर शिकंजा कसने में किसी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए।
असामाजिक तत्वों पर निरोधात्मक कार्रवाई, अपराध से अर्जित संपत्ति जब्ती और संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्ती बढ़ाने पर भी जोर दिया गया. पुलिस अधीक्षक ने साफ किया कि कंट्रोल रूम से मिलने वाली शिकायतों पर 15 मिनट के भीतर रिस्पांस हर हाल में देना होगा.थानों में आने वाले फरियादियों के साथ व्यवहार को लेकर भी एसपी ने सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों के साथ अभद्रता या लापरवाही की शिकायत मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई तय होगी. सभी थानों में आगंतुक पंजी संधारित करने और रात्रि गश्ती को मजबूत बनाने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक के दौरान महाराजगंज थानाध्यक्ष को “एसएचओ ऑफ द मंथ” घोषित किया गया, जबकि बेहतर अनुसंधान कार्य करने वाले सात पुलिस पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। अपराध गोष्ठी में एसपी का पूरा फोकस अपराध नियंत्रण, तेज कार्रवाई और पुलिसिंग में जवाबदेही तय करने पर रहा।
अपराध पर लगाम नहीं तो होगी कार्रवाई, सीवान एसपी ने थानाध्यक्षों को दिखाई सख्ती
May 10 2026 10:28AM
2 मिनट का रीड
211711
16











