सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले के थाना कलां गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। 61 वर्षीय सरदार सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने उनके बेटे ब्रह्म प्रकाश पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात ब्रह्म प्रकाश कथित तौर पर नशे की हालत में घर पहुंचा और उत्पात मचाने लगा। आरोप है कि उसने घर के सामान में आग लगा दी और मंगलवार तड़के अपने पिता के साथ मारपीट की। परिजनों और ग्रामीणों का दावा है कि इसी दौरान सरदार सिंह की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि ब्रह्म प्रकाश लंबे समय से नशे का आदी था और राजमिस्त्री का काम करता था। वह करीब एक माह पहले ही नशा मुक्ति केंद्र से उपचार कराकर घर लौटा था। वारदात के बाद से उसके लापता होने से उस पर संदेह और गहरा गया है।
सूचना मिलने पर खरखौदा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। मौके से खून से सने कपड़े और एक डंडा बरामद किया गया है, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





