भरतपुर। आगरा-जयपुर नेशनल हाईवे-21 पर बुधवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। हलैना थाना क्षेत्र में एक स्लीपर बस हाई मास्ट लाइट से टकराकर पलट गई। हादसे में 13 यात्री घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। पांच घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें भरतपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार हादसा बुधवार रात हलैना थाने से महज 150 मीटर की दूरी पर हुआ। मध्य प्रदेश से जयपुर जा रही स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित होकर हाई मास्ट लाइट से टकरा गई और पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाई मास्ट लाइट भी क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर गिर गई। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस और हाईवे सेफ्टी टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और हाईवे सेफ्टी की टीमें मौके पर पहुंचीं और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घटना में घायल हुए सभी यात्रियों को एंबुलेंस की मदद से हलैना अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से पांच यात्रियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद भरतपुर के लिए रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार हलैना अस्पताल में किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा बस चालक को नींद की झपकी आने के कारण हुआ। टक्कर में बस चालक भी घायल हुआ है।
हादसे के बाद आगरा-जयपुर नेशनल हाईवे-21 पर करीब 30 मिनट तक यातायात बाधित रहा। हाईवे सेफ्टी टीम ने क्रेन की सहायता से बस को सीधा कर सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका। पुलिस के अनुसार बस में करीब 50 यात्री सवार थे। जो यात्री सुरक्षित थे, उन्हें दूसरी बसों की व्यवस्था कर उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया गया है।
हादसे में विनोद (22) निवासी बड़ोदरा, नीरजा (25) निवासी मुरैना, पलक (6) निवासी भिंड, विजेंद्र (20) निवासी मुरैना, हेमलता (40) निवासी मुरैना, दिलीप (45) निवासी भिंड, भीकाराम (35) निवासी भिंड, आकाश (25) निवासी मोहनपुरा और ऊदल सिंह (35) निवासी भिंड घायल हुए हैं। वहीं गिरजा (45), अनुज (13), शिवानी (17), वंदना (45) और कृष्णा (13) गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें भरतपुर रेफर किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
हाई मास्ट लाइट से टकराकर पलटी स्लीपर बस, 13 यात्री घायल; पांच गंभीर रेफर
Jun 18 2026 9:09AM
3 मिनट का रीड
495681
15





