BREAKING NEWS

फतेहाबाद : कनाडा निवासी भतीजा बनकर साढे पांच लाख की ठगी,केस दर्ज

फतेहाबाद : कनाडा निवासी भतीजा बनकर साढे पांच लाख की ठगी,केस दर्ज
फतेहाबाद। फतेहाबाद में साइबर ठगों द्वारा रिश्तों का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठने का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। न्यू विश्वकर्मा मार्केट में दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति के पिता से ठगों ने कनाडा में रह रहे भतीजे का फर्जी वॉयस कॉल बनाकर और मुंबई बैंक का अधिकारी बनकर कुल 5.50 लाख ठग लिए। शक होने पर जब पीडि़त ने वीडियो कॉल करने को कहा, तो ठग ने फोन काट दिया।

 साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने इस संबंध में बुधवार को अज्ञात ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में अशोक नगर, फतेहाबाद निवासी जसपाल सिंह ने बताया कि उसकी न्यू विश्वकर्मा मार्केट में प्रेम एग्रीकल्चर वक्र्स के नाम से वेल्डिंग की दुकान है। उसका चचेरा भाई प्रिंस कनाडा में रहता है, जिससे कभी-कभार बात होती है। 16 मई को जसपाल के पिता प्रेम सिंह के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को प्रिंस बताया और कहा कि वह विदेश से कुछ रुपये भेज रहा है, जिन्हें निकालकर दिल्ली में रहने वाले उसके एक दोस्त को देना है। प्रेम सिंह ने आवाज पर भरोसा कर लिया। कुछ देर बाद प्रेम सिंह के पास फिर एक व्हाट्सएप कॉल आई। इस बार फोन करने वाले ने खुद को सर्व ग्रामीण बैंक, मेन ब्रांच मुंबई का अधिकारी बताया।

 उसने कहा कि विदेश से प्रिंस ने आपके नाम 9 लाख 20 हजार भेजे हैं, जो अगले दिन आपके खाते में ट्रांसफर हो जाएंगे। इसी बीच तथाकथित भतीजे प्रिंस का दोबारा फोन आया। उसने भावुक करते हुए कहा कि दिल्ली वाले दोस्त की मां बहुत बीमार है और उनका ऑपरेशन होना है, इसलिए तुरंत 3.50 लाख उसके दोस्त को भेज दें। उसने बैंक ऑफ बड़ौदा का एक खाता नंबर भी भेजा। ठग के झांसे में आकर प्रेम सिंह ने तुरंत सर्व ग्रामीण बैंक की फतेहाबाद शाखा में जाकर बताए गए खाते में 3 लाख 50 हजार ट्रांसफर कर दिए। इसके तुरंत बाद ठगों ने ऑपरेशन के बाद दवाइयों का बहाना बनाकर 2 लाख और मांगे, जिस पर पीडि़त ने दिए गए क्यूआर कोड पर 2 लाख और भेज दिए। अगले दिन फिर से मुंबई ब्रांच का फर्जी अधिकारी बनकर कॉल आया और कहा कि आपके कुल 20 लाख जमा हो गए हैं, जिसे आप कल निकलवा सकते हैं। इसके बाद ठग ने प्रेम सिंह के बजाय उनके बेटे जसपाल सिंह को फोन घुमाया। ठग ने कहा कि तुम्हारे पिता के खाते में 20 लाख भेज दिए हैं, तुम अब मुझे 3 लाख और ट्रांसफर कर दो। जब जसपाल को लगातार आ रही कॉल्स और पैसों की मांग पर शक हुआ, तो उसने ठग से अपनी पहचान साबित करने के लिए वीडियो कॉल करने को कहा। वीडियो कॉल का नाम सुनते ही ठग ने तुरंत फोन काट दिया। 

इसके बाद जब परिवार ने पड़ताल की, तो उन्हें समझ आया कि वे साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं और ठगों ने उनसे कुल 5.50 लाख रुपये हड़प लिए हैं। पीडि़त परिवार ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके फ्रॉड की शिकायत दर्ज करवाई। फतेहाबाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन की जा रही है।

Subscribe Now