सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के ग्राम पिपलिया मीरा में रविवार देर रात एक मैदा मिल में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और मिल परिसर में रखा सामान उसकी चपेट में आ गया। हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि मिल के पास खड़ा एक ऑटो पूरी तरह जलकर राख हो गया। वहीं परिसर में रखे कई महंगे कृषि यंत्र भी आग की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। आग के दौरान पूरे क्षेत्र में धुआं और लपटें दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
दमकल और ग्रामीणों की मदद से आग पर पाया गया काबू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आसपास के क्षेत्र में बड़ा नुकसान होने से बच गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस और प्रशासनिक टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।
सीहोर में मैदा मिल में भड़की भीषण आग, ऑटो और कृषि यंत्र जलकर खाक, लाखों का नुकसान
May 25 2026 7:24AM
2 मिनट का रीड
323928
15





