हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में सिकंदराराव थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक स्कूली बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक दर्जन से अधिक बच्चों के चोटिल हो गए। स्थानीय लोगों ने शीशे तोड़कर बच्चों को बाहर निकाला और उपचार के लिए पास के अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत कार्य करते हुए बच्चों का हालचाल जाना। मामले में जिला प्रशासन जांच कर कार्रवाई में जुट गया है।
जानकारी के मुताबिक, अलीगढ़ थाना गंगीरी क्षेत्र की वांटेज कान्वेंट कौड़ियागंज स्कूल की बस रोजान की तरह आज सुबह सिकंदरा थाना क्षेत्र के गांव वाजितपुर में स्कूली छात्र छात्राओं को लेने पहुंची। यहां बस गांव से लगभग आधा दर्जन से अधिक बच्चे लेकर निकली और जैसे ही भदरोई गांव के पास पहुंची वैसे ही अनियंत्रित होकर एक खेत में पलट गई। हादसे के चलते बस में सवार बच्चों में चीख पुकार मच गई। इस हादसे में 12 से अधिक बच्चों को चोट आ गई। इनमें एक बच्चे की हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शी छात्रों की मां ने बताया है कि बस में लगभग 50 से अधिक छात्र भरे हुए थे, जो कहीं ना कहीं स्कूल प्रबंधन की कार्य शैली पर एक बड़ा सवाल उठाती है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना के अलावा गंगीरी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और गाड़ी का शीशा तोड़कर घायल बच्चों को निकालते हुए स्थानीय अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचाया गया।
सिकंदराव थाना प्रभारी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया चालक की लापरवाही से स्कूली बस पलटने की बात सामने आ रही है। गनीमत यह है कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। स्कूल प्रबंधन को घटना की जानकारी देते हुए कार्रवाई की जा रही है। वहीं घटना की जिला प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की बात कही है।
हाथरस : अनियंत्रित स्कूली बस पलटी, 12 से अधिक बच्चे घायल
May 14 2026 7:51AM
2 मिनट का रीड
237032
11











